सोमवार, 19 मार्च 2018

!! आते-जाते रस्ते लोग !!

आते-जाते रस्ते लोग
मिलते और बिछड़ते लोग
कुछ अमोल कुछ सस्ते लोग
रोते गाते हँसते लोग।

प्यार निभाते अच्छे लोग
तोड़ के जाते कच्चे लोग
हर दिन नए आते लोग
कुछ पुराने जाते लोग।

कुछ पीठ थपथपाते लोग
कुछ टाँग लगा गिराते लोग
कुछ सामने से समझाते लोग
कुछ पीछे से बतियाते लोग।

कुछ मिस्री से मीठे लोग
कुछ करेले से कड़वे लोग
कुछ दिल से दिल तक जुड़े लोग
कुछ खीरे से दिल मिले लोग।

कुछ प्रेम बरसाते लोग
कुछ पीड़ा छलकाते लोग
मिलते मिलाते हँसते गाते
आते-जाते रस्ते लोग
मिलते और बिछड़ते लोग।

ये रस्ता ही तो जीवन है
चलते रहना है चेतनता
ये लोग हमारे हमसफ़र
संग इनके ही रस्ता कटता।

0 टिपण्णी -आपके विचार !: